गोरखपुर। खोराबार थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एचपी गैस से भरा एक कैप्सूल टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। समय रहते पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य राहत एजेंसियों की सक्रियता से संभावित बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में टैंकर चालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए एम्स गोरखपुर भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, गीडा से बिहार की ओर जा रहा एचपी गैस का कैप्सूल टैंकर दोपहर करीब 1:30 बजे आराजी बसडिला गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पलट गया। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही खोराबार थाना पुलिस, एनएचएआई तथा फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। गैस रिसाव की आशंका को देखते हुए पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। साथ ही आसपास के लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई।
घायल चालक को एनएचएआई की एंबुलेंस से तत्काल एम्स गोरखपुर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं तकनीकी विशेषज्ञों और पुलिस की टीम टैंकर की लगातार निगरानी कर रही है, ताकि किसी प्रकार का गैस रिसाव या अन्य खतरा उत्पन्न न हो।
दुर्घटना के कारण बिहार जाने वाली लेन पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने वाहनों का आवागमन कड़जहा मार्ग से डायवर्ट कराया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।