बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के कोठवा भरतपुर निवासी मीरा देवी ने अपने पुत्रों के साथ हुई मारपीट के मामले में आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एवं पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बाद भी मुख्य आरोपियों के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है और उनका परिवार लगातार धमकियों का सामना कर रहा है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, 17 जून को नेउरीगाड़ा-कुसरौत निवासी अभय उर्फ छोटू, विजय, अमित, विष्णु, कृष्णा, अमर सहित अन्य लोगों ने कथित रूप से उनके पुत्र अमर और मदन के साथ मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि दोनों पुत्रों का कसूर केवल इतना था कि उन्होंने नशे की हालत में सड़क पर पड़े कुछ लोगों को रास्ते से हटने के लिए कहा था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने दोनों की पिटाई कर दी तथा अमर की सोने की अंगूठी भी छीन ली।
मीरा देवी का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मरवटिया भेजा गया। उनका कहना है कि थाना पुलिस ने न तो विधिवत मेडिकल परीक्षण कराया और न ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। केवल दोनों पक्षों का शांतिभंग में चालान कर मामले को समाप्त करने का प्रयास किया गया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद से आरोपी लगातार समझौते का दबाव बना रहे हैं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। कई बार थाना पुलिस से शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से परिवार भय के माहौल में जीवन यापन कर रहा है।
मीरा देवी ने डीआईजी और पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री से भी शिकायत करेंगी।