रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। भारतीय जनता पार्टी ब्रज क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने शुक्रवार को अपने प्रथम ब्रज आगमन पर वृंदावन पहुंचकर ठाकुर बाँके बिहारी जी के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं राया कट पर भाजपा जिला महानगर एवं जिला इकाई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। जिला महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव एवं जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन्हें दुपट्टा ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।



इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि, ठाकुर बाँके बिहारी जी महाराज और ब्रज रज की पावन धरा पर प्रथम आगमन उनके लिए अत्यंत सौभाग्य, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का विषय है। उन्होंने कहा कि ठाकुर बाँके बिहारी जी का आशीर्वाद उन्हें संगठन के प्रति और अधिक समर्पण, सेवा और निष्ठा के साथ कार्य करने की शक्ति प्रदान करेगा।
उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उनका लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाना, प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान सुनिश्चित करना तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाना रहेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता के बल पर ही भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से ब्रज क्षेत्र में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा तथा राष्ट्रहित, संगठनहित और जनसेवा के संकल्प के साथ सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पूरन लाल लोधी के कुशल नेतृत्व, संगठनात्मक अनुभव एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय कार्यशैली से ब्रज क्षेत्र में संगठन और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं विस्तारशील बनेगा। उनके नेतृत्व में बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर तक संगठनात्मक कार्यों को नई गति मिलेगी और प्रत्येक कार्यकर्ता को सेवा, समर्पण एवं राष्ट्रहित के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने कहा कि ब्रज क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष का मथुरा आगमन पूरे संगठन के लिए उत्साह, ऊर्जा और प्रेरणा का अवसर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि क्षेत्रीय अध्यक्ष जी के नेतृत्व में ब्रज क्षेत्र में संगठन और अधिक सुदृढ़ होगा तथा पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों एवं सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का अभियान और गति पकड़ेगा। उन्होंने कहा कि मथुरा महानगर का प्रत्येक कार्यकर्ता क्षेत्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में संगठन हित में पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री कुंज बिहारी चतुर्वेदी, ललित गौतम, विनीत शर्मा, ठाकुर सुरेंद्र सिंह, अंकुर गुर्जर, मनोज ठाकुर सौनोठ, दीपक गोला, जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा,बृजेश अहेरिया, बलराम शर्मा, संजय शर्मा, पूर्व महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु, पार्षद मुकेश सारस्वत उपसभापति ,पार्षद प्रकाश अग्रवाल, गणेश, धर्मेश नौहवार, प्रणय पाराशर, राजू चौधरी, लोकेश निषाद, अवधेश उपाध्याय, हेमंत खंदौली, जितेंद्र वार्ष्णेय, कुलदीप शर्मा, आकाश चौधरी, सतपाल चौधरी, अनिल चौधरी, ज्ञानेंद्र सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।