रिपोर्ट: सुनील पाण्डेय।
महराजगंज। अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज कोतवाली पुलिस ने स्वाट (SWAT) और एसओजी (SOG) टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक युवक और एक युवती को कुल 69.90 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो पाउच में क्रमशः 41.20 ग्राम और 28.70 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने इस मामले में थाना कोतवाली पर मु0अ0सं0 295/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन मणि त्रिपाठी (26 वर्ष) निवासी लोहिया नगर, महराजगंज तथा मनीषा निषाद (28 वर्ष) निवासी ट्रांसपोर्ट नगर, राजघाट, गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार करन मणि त्रिपाठी के विरुद्ध पूर्व से भी एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है।
इस संयुक्त अभियान में प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार, उपनिरीक्षक अनिकेत सिंह, महिला उपनिरीक्षक नेहा यादव सहित कोतवाली पुलिस, स्वाट और एसओजी टीम के अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।