लक्ष्मण निषाद हत्याकांड: पुलिस की बड़ी लापरवाही उजागर।

Spread the love

चौकी प्रभारी व सिपाही निलंबित।
•बुधवार आधी रात को हुई बड़ी कार्रवाई।
•स्वजन ने पुलिस पर लगाया था लापरवाही का आरोप।

बस्ती: लक्षमण निषाद हत्याकांड मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवालों के बाद पुलिस महकमे के उच्चाधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया है। घटना में प्रथम दृष्टया घोर लापरवाही बरतने और समय पर उचित कदम न उठाने के आरोप में संबंधित क्षेत्र के चौकी प्रभारी रखौना (सब-इंस्पेक्टर) बृजमोहन सिंह व आरक्षी अमरजीत यादव को तत्काल प्रभाव से बुधवार की आधी रात को निलंबित कर दिया गया है।
इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।एसपी डाक्टर यशवीर सिंह ने स्पष्ट किया है कि काम में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगा।

विभागीय जांच शुरू:
निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच  के आदेश एसपी ने दिए गए हैं

यह था  पूरा मामला:
सोमवार की देर रात लालगंज के मेहनताना निवासी लक्षमण निषाद की लाठी,डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। घटना के बाद दिवंगत के स्वजन और आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि यदि स्थानीय पुलिस ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से लिया होता और समय रहते एहतियाती कदम उठाए होते, तो इस जघन्य हत्याकांड को टाला जा सकता था। घटना के तुरंत बाद पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में आ गई थी, जिसके बाद उच्चाधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया।

एसपी ने दिए थे जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक  ने तत्काल प्रभाव से एएसपी को इस प्रकरण में पुलिस की भूमिका की जांच सौंप दी थी। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि चौकी प्रभारी और संबंधित बीट सिपाही ने सूचना मिलने के बावजूद त्वरित कार्रवाई नहीं की और ड्यूटी में भारी लापरवाही बरती।
रिपोर्ट के आधार पर कड़ा कदम उठाते हुए एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित  कर दिया है। इसके साथ ही, दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी गई है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कोई भी पुलिसकर्मी अपने कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतता है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, लक्षमण निषाद हत्याकांड में शेष आरोपितों  की गिरफ्तारी और मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *