रुद्रप्रयाग। अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में कोतवाली ऊखीमठ पुलिस ने प्रसिद्ध पर्यटक ग्राम सारी में नशे के विरुद्ध विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत ग्रामीणों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।



प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी ने पुलिस टीम के साथ आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को सिंथेटिक ड्रग्स समेत विभिन्न मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने सभी से जीवनभर नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग की अपील की।
पुलिस ने ग्रामीणों से क्षेत्र में नशा तस्करी अथवा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। साथ ही भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और बाल अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं बचाव के उपायों की भी जानकारी दी। ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्रीमती अनीता नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत नेगी, भूतपूर्व सरपंच मुरली सिंह नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता भरत सिंह, सरपंच देखरेख समिति के देवेंद्र नेगी, वार्ड सदस्य प्रेमा देवी, बीना देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक पूजा रावत, आरक्षी विनोद एवं राकेश नेगी भी मौजूद रहे।