बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी बाइक, महिला की मौत; वाहन पुलिस ने कब्जे में लिया।

Spread the love

सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के रमवापुर जगतराम गांव के पास रविवार सुबह बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की टक्कर में बाइक पर पीछे बैठी 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जनपद बलरामपुर के थाना कोतवाली उतरौला क्षेत्र के भरवलिया गांव निवासी जैतुन्निशां (60) पत्नी महफूजुर्रहमान अपने बेटे के साथ रविवार सुबह करीब 10 बजे बाइक से उतरौला जा रही थीं। जब वे त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के रमवापुर जगतराम गांव के पास पहुंचे, तभी बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रही बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकरा गई।

हादसे में बाइक के पीछे बैठी जैतुन्निशां गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उनका बेटा उन्हें उपचार के लिए उतरौला ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही त्रिलोकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने ले गई। वहीं, परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के महिला के शव को अपने पैतृक गांव भरवलिया (थाना कोतवाली उतरौला, जनपद बलरामपुर) ले गए, जहां उनका सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।

इस संबंध में त्रिलोकपुर के प्रभारी निरीक्षक हरे कृष्ण उपाध्याय ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिली है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *