सोते समय पैंट से रुपये चुराते दो किशोर रंगे हाथ पकड़े गए, पुलिस के हवाले।

Spread the love

सहजनवा(गोरखपुर)। सहजनवा थाना क्षेत्र के भीटीरावत गांव में रविवार दोपहर चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया। घर में सो रहे व्यक्ति की पैंट से रुपये चुराने की कोशिश कर रहे दो किशोरों को गृहस्वामी ने रंगे हाथ पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची डायल-112 (पीआरवी) पुलिस दोनों किशोरों को अपने साथ थाने ले गई।

जानकारी के अनुसार, भीटीरावत गांव निवासी शैलेंद्र अग्रहरी रविवार दोपहर अपने घर का चैनल गेट बंद कर सो रहे थे। इसी दौरान गांव के ही दो किशोर वहां पहुंचे। उन्होंने चैनल गेट के बीच से एक पाइप अंदर डालकर दीवार पर टंगी पैंट को अपनी ओर खींच लिया। इसके बाद दोनों किशोर पैंट की जेब में रखे रुपये निकालने लगे।

इसी बीच आहट होने पर शैलेंद्र की नींद खुल गई। उन्होंने तुरंत बाहर निकलकर भागने का प्रयास कर रहे दोनों किशोरों को मौके पर ही दबोच लिया। खुद को पकड़ा जाता देख दोनों ने चुराए गए रुपये वहीं फेंक दिए। पीड़ित के अनुसार, पैंट की जेब में करीब 3,300 रुपये रखे थे।

घटना की सूचना शैलेंद्र ने तत्काल डायल-112 पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों किशोरों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

इस संबंध में सहजनवा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ित शैलेंद्र अग्रहरी की तहरीर के आधार पर आरोपी अनुराग गुप्ता और देवेश कुमार के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Author

  • Pawan Rastogi

    पवन कुमार रस्तोगी पिछले पाँच वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में न्यूज़ पोर्टल में एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इन्होंने एम.ए., बीएड, पत्रकारिता तथा एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर क्षेत्र में एडीसीए तथा कला के क्षेत्र में बॉम्बे आर्ट जैसे पाठ्यक्रम भी पूर्ण किए हैं।
    समाचार लेखन, संपादन, जनसरोकार से जुड़े विषयों और डिजिटल पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। वे सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सरल, सटीक और विश्वसनीय ढंग से पाठकों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *