कुदरहा(बस्ती)। लालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत परसांव के राजस्व गांव बिशुनपुरवा निवासी 30 वर्षीय ट्रक चालक मनोज कुमार पुत्र मारखंडे की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद शनिवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, बीती 7 जून की रात कानपुर हाईवे पर थाना जार्जमऊ क्षेत्र में सड़क किनारे एक दुर्घटनाग्रस्त डंपर खड़ा था। इसी दौरान ट्रक लेकर जा रहे मनोज कुमार का वाहन ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर डंपर से जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें एंबुलेंस से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कानपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उन्हें बचाने के लिए ओपेक चिकित्सालय कैली, मेडिकल कॉलेज गोरखपुर तथा अंत में राम मनोहर लोहिया अस्पताल, लखनऊ में इलाज कराया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद शनिवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक मनोज कुमार अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। वह ट्रक चलाकर पत्नी रिंकी तथा दो बेटियों एक पांच वर्षीय दीपांजलि और दूसरी डेढ़ वर्षीय रिया का पालन-पोषण करते थे। उनकी मौत से दोनों मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने दिवंगत मनोज कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।