रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राम औतार सिंह के नेतृत्व में आयोग के सदस्यों ने गुरुवार को विकास खंड मिश्रिख की ग्राम पंचायत जसरथपुर स्थित पंचायत भवन में चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से संवाद किया और विभिन्न विषयों पर सुझाव प्राप्त किए।
चौपाल के दौरान अध्यक्ष ने उपस्थित ग्रामीणों से अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए वर्तमान 27 प्रतिशत आरक्षण में वृद्धि किए जाने की स्थिति में संभावित लाभों के संबंध में सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने लेखपाल से ग्राम के क्षेत्रफल तथा ग्राम प्रधान से ओबीसी एवं अन्य वर्गों की जनसंख्या, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित पक्के मकानों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
ग्राम प्रधान ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित गांव में लगभग 80 प्रतिशत मकान पक्के हैं। उन्होंने जानकारी दी कि ग्राम में कुल 5,499 मतदाता हैं, जिनमें 1,288 मतदाता अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से संबंधित हैं।
इस अवसर पर आयोग के सदस्य बृजेश कुमार, संतोष कुमार विश्वकर्मा, डॉ. अरविन्द कुमार चौरसिया एवं एस.पी. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, शिक्षक, ग्रामीण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।