मथुरा में ‘संभव अभियान-2026’ का शुभारंभ, गर्भवती महिलाओं और बच्चों के पोषण पर रहेगा विशेष फोकस।

Spread the love

मथुरा। बाल विकास विभाग की ओर से ‘संभव अभियान-2026’ का शुभारंभ बुधवार को राजीव भवन से जागरूकता रैली निकालकर किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं एवं छोटे बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाना तथा कुपोषण को समाप्त करना है।

रैली में जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा, बाल विकास परियोजना अधिकारी (मथुरा ग्रामीण) शशि मिश्रा, बाल विकास परियोजना अधिकारी (मथुरा शहर) अशोक कुमार सिंह, मुख्य सेविकाएं तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां शामिल रहीं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि संभव अभियान-2026 जुलाई से सितंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस वर्ष अभियान की मुख्य थीम “गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा” निर्धारित की गई है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक माह अलग-अलग विषयों पर विशेष गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

अभियान के तहत जुलाई माह में मातृत्व पोषण, अगस्त माह में छह माह से छोटे बच्चों के पोषण एवं देखभाल तथा सितंबर माह में ऊपरी आहार प्रोत्साहन एवं पोषण माह पर विशेष फोकस रहेगा।

अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं, कम वजन वाले नवजात शिशुओं तथा गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन, स्वास्थ्य परीक्षण, गृह भ्रमण, पोषण संबंधी परामर्श तथा आवश्यकता पड़ने पर पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में रेफर करने की कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान में बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा पंचायतीराज विभाग की संयुक्त भागीदारी सुनिश्चित की गई है। तीनों विभाग समन्वित रूप से कार्य करते हुए गर्भावस्था से लेकर बाल्यावस्था तक कुपोषण की रोकथाम, पोषण स्तर में सुधार तथा जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *