— के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। आगामी उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को जनपद में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।


बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर विशेष नजर रखने तथा आवश्यक होने पर तत्काल कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह सहित परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन के अनुसार जनपद में 2 एवं 3 जुलाई 2026 को परीक्षा दो पालियों में तथा 4 जुलाई 2026 को प्रथम पाली में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।