दुवासु पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कुलपति से मुलाकात कर विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की ली जानकारी।

Spread the love

मथुरा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने संक्षिप्त प्रवास के दौरान बीते दिवस उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशुचिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान (दुवासु), मथुरा के अतिथि गृह पहुंचकर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अभिजीत मित्रा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों, अनुसंधान कार्यों एवं भावी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

भेंट के दौरान कुलपति डॉ. अभिजीत मित्रा ने लोकसभा अध्यक्ष को विश्वविद्यालय में पशुचिकित्सा शिक्षा, पशु स्वास्थ्य, जैव सुरक्षा तथा देशी गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुवासु वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से पशुधन विकास को नई दिशा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। साथ ही विश्वविद्यालय को वैज्ञानिक उत्कृष्टता का केंद्र बनाने के लिए उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विश्वविद्यालय द्वारा पशुधन विकास, ग्रामीण उन्नयन और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दुवासु अपने नवाचारों और शोध कार्यों के माध्यम से देश के पशुधन एवं पशुचिकित्सा क्षेत्र को नई दिशा प्रदान करता रहेगा। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार को शुभकामनाएं भी दीं।

इससे पूर्व लोकसभा अध्यक्ष ने अतिथि गृह में जनप्रतिनिधियों के साथ संगठनात्मक बैठक भी की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद के सदस्य अमित जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *