•गोवर्धन परिक्रमा मार्ग को किया जाएगा अतिक्रमण मुक्त।
•वॉल पेंटिंग, सजावट, तिरंगा लाइटिंग, फसाड लाइटिंग, झालर आदि से सजेगा गोवर्धन परिक्रमा मार्ग।
मथुरा। जिलाधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में आगामी मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 की तैयारियों के संबंध में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई संपन्न। मेला दिनांक 23 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक गोवर्धन में आयोजित होगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार ने अवगत कराया कि मेला क्षेत्र को 09 सुपर जोन, 21 जोन तथा 62 सेक्टर में विभाजित किया गया है। 06 स्थाई पुलिस चौकी, 37 अस्थाई पुलिस चौकी, 31 वाच टावर, 150 बैरियर, 183 सीसीटीवी कैमरे (पुलिस विभाग हैण्डओवर), 350 पी०ए०सिस्टम (पुलिस विभाग हैण्डओवर), 1281 एल०ई०डी० लाइट, 14 सेमी मास्ट लाइट, 01 हाई मास्ट लाइट तथा 212 सोलर लाइट लगाई जाएगी।
मुड़िया पूनों मेला 2026 में 05 खोया-पाया केन्द्र, 140 हैण्डपम्प, 30 पानी के टेंकर, 17 आर०ओ०, 25 मो०टायलेट, 03 जनसुविधा केन्द्र, 61 पार्किंग स्थल, 16 अस्थाई चिकित्सा सहायता केन्द्र, 02 एन०जी०ओ० के चिकित्सा शिविर, 05 मोटर साइकिल एम्बुलेंस टीम, 14 एम्बुलेंस, 1100 रोडवेज बस, 19 अग्निशमन वाहन, 54 गिर्राज मोबाईल, 06 हेल्थ मोबाईल, 600 ड्यूटी पाइन्ट गोवर्धन व वृन्दावन, 24 संचार व्यवस्था, 22 चिकित्सा शिविर, पीएसी फ्लड 02 प्लाटून 03 स्थल पर, एसडीआरएफ 01 टीम मानसी गंगा पर, पीएसी 02 कम्पनी 07 स्थल पर, 03 सीसीटीवी कन्ट्रोल रूम तथा 09 सब कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि वर्ष 2025 में 1.5 करोड़ से अधिक श्रद्धालु मुड़िया पूर्णिमा मेला में आए थे। पुलिस प्रशासन श्रद्धालुओं, पर्यटकों, दर्शनार्थियों एवं परिक्रमार्थियों की सुविधाओं हेतु कटिबद्ध है। मुड़िया पूर्णिमा मेला 2026 को प्लास्टिक मुक्त मेला के रूप में मनाया जाएगा।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की सभी विद्युत खंभों की प्लास्टिक रैपिंग करें। उन्होंने कहा कि सभी क्षतिग्रस्त खम्भों को हटाया जाए तथा नए पोल लगाए जाए। जिलाधिकारी ने ट्रांसफार्मर की फेंसिंग तथा ट्रांसफार्मर के आस-पास गार्डिंग करने की निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्पेयर में ट्रांसफार्मर की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए की सभी विभाग अपनी व्यवस्थाएं दिनांक 15 जुलाई 2026 तक पूर्ण करें। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मेला क्षेत्र में सजावट, झालर लाइटिंग, तिरंगा लाइटिंग, फसाड लाइटिंग, वॉल पेंटिंग आदि के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए की सभी स्ट्रीट लाइटों को सही कराया जाए तथा सोलर लाइटों की मदद कराई जाए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि बैरियर, बैरिकेडिंग, वॉच टावर, पार्किंग तथा पार्किंग के अंदर आने-जाने की सुविधा को सुनिश्चित करें। पार्किंग में पर्याप्त लाइट, पेयजल, शौचालय, रैंप, साइनेज आदि व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी गोवर्धन को निर्देश दिए की सभी रेस्टोरेंट, ढाबा, आश्रम एवं होटल संचालकों के साथ बैठक करें तथा उन्हें साफ सफ़ाई, सजावट व अन्य व्यवस्थाओं हेतु निर्देशित करें।
जिलाधिकारी ने परिक्रमा मार्ग पर मिट्टी डलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था सूचित की जाए कि कहीं पर भी जलभराव ना हो। उन्होंने भंडारे हेतु नियमानुसार अनुमति देने के निर्देश दिए। भंडारा संचालकों को साफ सफाई तथा खाने की गुणवत्ता हेतु निर्देशित किया जाए। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी गोवर्धन, राधाकुंड तथा उप जिलाधिकारी गोवर्धन को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया जाए।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने निर्देश दिए की एक इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए जिसमें स्वास्थ्य विभाग, रोडवेज, पुलिस, अग्निशमन, विद्युत, प्राधिकरण, पंचायती राज, विद्युत सुरक्षा, नगर पंचायत आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मिलावटी खाद्य पदार्थों पर सख्त कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कार्रवाई के नाम पर शोषण नहीं होना चाहिए। लोगों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ का प्रयोग करने हेतु जागरूक करें। होटल, आश्रम एवं रेस्टोरेंट के संचालकों के साथ बैठक करें।
जिलाधिकारी ने पर्याप्त मोबाइल टैंकर एवं मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि पीने के पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बड़े नालों की सफाई तथा अन्योर में जल भराव की समस्या के निदान के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए की सभी स्वास्थ्य शिवरों पर डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा कैंप पर बड़े बड़े बैनर लगाए। उन्होंने बाइक एंबुलेंस, एम्बुलेंस तथा हॉस्टिपल (प्राइवेट एवं सरकारी) की मैपिंग करने ने निर्देश दिए। उन्होंने एंटी-वेनम दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी गोवर्धन को निर्देश दिए की सभी पी0ए0 सिस्टम एवं सीसीटीवी को संचालित करते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाए। पार्किंग में पुलिसकर्मियों के बैठने हेतु शेड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि डाइवर्जन प्लान का पूर्व में अधिकाधिक प्रचार प्रसार किया जाए।
जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए की समस्त निराश्रित गोवंशों को गौशालाओं में संरक्षित करें। जिलाधिकारी ने वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए की समस्त ई-रिक्शा संचालकों के साथ बैठक करें एवं नियमों का पालन करने हेतु निर्देशित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 पूजा गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्या, अपर जिलाधिकारी न्यायिक वेद प्रिय आर्य, सचिव मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण आशीष कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, उप जिलाधिकारी गोवर्धन सुशील कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।