डीएम-एसपी ने यूपीटीईटी परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, पारदर्शी व नकलविहीन परीक्षा के दिए निर्देश।

Spread the love

बस्ती। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 की द्वितीय पाली को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने शुक्रवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने ए.पी.एन.पी.जी. कॉलेज तथा बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, प्रवेश द्वारों, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, स्ट्रांग रूम, सुरक्षा इंतजामों तथा अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं कक्ष निरीक्षकों को शासन के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को पूरी सतर्कता के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नकल की आशंका पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *