रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद की सभी तहसीलों में 6 जुलाई 2026 को वृहद ऋण मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न स्वरोजगार और बैंक ऋण योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराते हुए वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना है।
ऋण मेले में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी), पीएमएफएमई, पीएम स्वनिधि, स्टैंड-अप इंडिया, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना तथा स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र आवेदकों को ऋण स्वीकृति, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
मेले में जनपद के सभी बैंकों के साथ जिला उद्योग केंद्र, उद्यान विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), डूडा तथा अन्य संबंधित विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों के आवेदन एवं ऋण संबंधी औपचारिकताएं पूरी कराएंगे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों, बैंक शाखाओं और कार्यदायी संस्थाओं को व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लोगों तक सूचना पहुंचाने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) ने जनपद के युवाओं, महिला उद्यमियों, किसानों, स्वयं सहायता समूहों एवं अन्य पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम तहसील में आयोजित ऋण मेले में पहुंचकर विभिन्न सरकारी ऋण योजनाओं का लाभ उठाएं।