जोधपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान दौरे के दौरान जोधपुर एयरपोर्ट के नए अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू, केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री ने नए टर्मिनल का निरीक्षण करने के साथ ही ‘उड़ान’ योजना के अगले चरण का भी शुभारंभ किया। इस योजना के तहत अगले 10 वर्षों में करीब 28 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे तथा देशभर में 100 नए हवाई अड्डों के विकास का लक्ष्य रखा गया है।
करीब 24 हजार वर्गमीटर में बना नया टर्मिनल वर्तमान परिसर से सात गुना बड़ा है। इसे जोधपुर के पारंपरिक पत्थरों से हेरिटेज शैली में तैयार किया गया है। टर्मिनल में छह एयरोब्रिज, 12 विमानों की पार्किंग क्षमता और अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। संभावना है कि 12 जुलाई के बाद यहां से नियमित यात्री सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
टर्मिनल भवन में मारवाड़ की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रमुखता दी गई है। यहां वीर दुर्गादास राठौड़ और अमृता देवी बिश्नोई के चित्रों के साथ राजस्थानी संस्कृति की झलक दिखाई गई है।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच के अनुरूप देश में हवाई संपर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जोधपुर एयरपोर्ट पर यात्री संख्या चार लाख से बढ़कर 11 लाख तक पहुंच चुकी है और भविष्य में यहां अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सुविधा विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि नए टर्मिनल का निर्माण वर्षों के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने पुराने टर्मिनल के बेहतर उपयोग की योजना तैयार करने का दायित्व भी उन्हें सौंपा है।