अज्ञात लोगों ने किसान की झोपड़ी में लगाई आग, इंजन समेत लाखों का सामान जलकर राख।

Spread the love

छाता (मथुरा)। छाता तहसील क्षेत्र के गांव कामर में एक किसान की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित किसान का आरोप है कि कुछ अज्ञात लोगों ने उसकी झोपड़ी में आग लगा दी। घटना में सिंचाई के लिए इस्तेमाल होने वाला इंजन, चारपाई, कपड़े, खाद तथा कृषि एवं घरेलू उपयोग का अन्य सामान जलकर राख हो गया।

पीड़ित किसान शिशुपाल ने बताया कि उसकी आजीविका पूरी तरह खेती पर निर्भर है। आग लगने से सिंचाई का इंजन नष्ट हो जाने के कारण अब फसल की सिंचाई भी संकट में पड़ गई है। उन्होंने कहा कि उनकी आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि दोबारा यह व्यवस्था कर सकें। यदि प्रशासन से आर्थिक सहायता नहीं मिली तो परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही कामर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कामर चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार राणा ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित किसान ने प्रशासन से आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *