बल्दीराय/सुलतानपुर। बल्दीराय थाना क्षेत्र के देहली बाजार स्थित पेट्रोल पंप के समीप शनिवार को सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले एक युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बल्दीराय भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान जगत पाल (30) पुत्र हितलाल, निवासी ग्राम सेमरौना, थाना धनपतगंज, जनपद सुलतानपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अयोध्या जनपद के कुमारगंज क्षेत्र स्थित अपनी ससुराल से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान देहली बाजार के पास वह सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। क्षेत्र में भी इस हादसे को लेकर शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही दुर्घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।