लखनऊ। राजधानी में बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को पुलिस कमिश्नरेट की दक्षिणी जोन पुलिस ने गिरफ्तार कर दो चर्चित चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के बर्तन तथा नकदी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी स्नातक शिक्षित है और उसके खिलाफ चोरी, गैंगस्टर व शस्त्र अधिनियम समेत 28 से अधिक आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। उसका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनंद के पर्यवेक्षण में थाना बिजनौर पुलिस एवं दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 25 मई 2026 को औरंगाबाद जागीर स्थित रॉयल नगर निवासी शिवांगिनी पाण्डेय तथा बाद में लक्ष्मी इन्क्लेव रॉयल सिटी निवासी राजू राय ने अपने-अपने बंद मकानों में हुई चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए थे। घटनाओं के खुलासे के लिए गठित टीमों ने 400 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिसके बाद अमित कुमार रस्तोगी की पहचान हुई। शनिवार रात छुआराखेड़ा मोड़ के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी नरसिंह गौतम के साथ मिलकर पहले बंद मकानों की रेकी की और फिर ताला तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। चोरी के बाद दोनों आरोपी जेवरात और अन्य सामान कम कीमत पर बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। गिरोह विशेष रूप से ऐसे मकानों को निशाना बनाता था, जिनमें कई दिनों तक कोई मौजूद नहीं रहता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार रस्तोगी पुत्र अशोक कुमार रस्तोगी निवासी कौशलपुरी, छोटा भरवारा, थाना गोमतीनगर विस्तार के रूप में हुई है। वर्तमान में वह बिहार के वैशाली जनपद के हाजीपुर थाना क्षेत्र के चक सिकंदर गांव में रह रहा था। उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष है और वह स्नातक शिक्षित है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की अंगूठियां, चेन, टॉप्स, मांगटीका, झुमके, लॉकेट, कमर पेटी सहित अन्य स्वर्ण आभूषण, चांदी की पायल, बिछिया, ब्रेसलेट, कटोरी, चम्मच, प्लेटें, सिक्के, सजावटी चांदी के सामान और 1,320 रुपये नकद बरामद किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी राजधानी के कई थाना क्षेत्रों में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ बक्शी का तालाब, चिनहट, गोमतीनगर विस्तार, बीबीडी और मड़ियांव थानों में चोरी, घर में घुसकर चोरी, चोरी के माल की बरामदगी, गैंगस्टर अधिनियम और शस्त्र अधिनियम समेत कुल 28 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी नरसिंह गौतम की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई से थाना बिजनौर में दर्ज दोनों चोरी के मामलों का सफल खुलासा हो गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।