रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। महर्षि दधीचि की पावन तपोस्थली मिश्रिख के मोहल्ला थोक-4 को जाने वाले मुख्य मार्ग पर नाली निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ठेकेदार द्वारा नाली की खुदाई करने के बाद कार्य रोक दिए जाने से मार्ग बाधित हो गया है, जिससे करीब तीन हजार की आबादी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मोहल्ले तक पहुंचने का एकमात्र रास्ता है। इसी मार्ग से स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और अन्य लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। खुदाई के कारण सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है और आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।
मोहल्लावासियों के अनुसार, पूर्व में उपजिलाधिकारी अभिनव कुमार यादव ने मौके का निरीक्षण कर मानकों के अनुरूप नाली निर्माण कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है और लोगों की समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
हालांकि नगर पालिका बरसात के मद्देनजर नालों और नालियों की सफाई करा रही है, लेकिन अधूरा नाली निर्माण लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नाली निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराकर मार्ग को सुचारु कराया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में हो रही कठिनाइयों से राहत मिल सके।