•06 स्कूली वाहन सीज, 22 के चालान; नियम तोड़ने वाले स्कूलों पर एफआईआर और मान्यता निरस्तीकरण की दी चेतावनी।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। उत्तर प्रदेश शासन एवं परिवहन आयुक्त कार्यालय के निर्देश पर जनपद में संचालित ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान के तहत तीसरे दिन परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना फिटनेस, बिना परमिट तथा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 06 स्कूली वाहनों को सीज तथा 22 वाहनों का चालान किया गया।


अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश राजपूत ने किया। उनके साथ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सतेन्द्र कुमार सिंह, संदीप चौधरी तथा यात्रीकर अधिकारी पूजा सिंह ने जनपद के विभिन्न मार्गों पर स्कूली वाहनों की आकस्मिक जांच की।
चेकिंग के दौरान कई वाहनों में फिटनेस, परमिट, बीमा, टैक्स सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की कमी और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की शिकायतें मिलीं, जिसके आधार पर तत्काल कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश राजपूत ने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्कूल प्रबंधकों और वाहन स्वामियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिन वाहनों के फिटनेस, परमिट, टैक्स या बीमा संबंधी दस्तावेज अधूरे हैं, उन्हें तत्काल पूर्ण कराया जाए। यदि चेतावनी के बावजूद कोई विद्यालय अवैध रूप से स्कूली बच्चों का परिवहन करता पाया गया तो संबंधित स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के साथ-साथ विद्यालय की मान्यता निरस्त करने की संस्तुति शिक्षा विभाग को भेजी जाएगी।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि बच्चों को स्कूल भेजने से पहले वाहन की फिटनेस, परमिट और ओवरलोडिंग की स्थिति पर स्वयं भी ध्यान दें तथा किसी भी असुरक्षित वाहन की सूचना तुरंत परिवहन विभाग या विद्यालय प्रशासन को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को सभी वैध दस्तावेज पूरे होने तक नहीं छोड़ा जाएगा।