रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। भीषण गर्मी के बीच मिश्रिख क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आमजन का जनजीवन प्रभावित हो गया है। नगर क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि लगभग हर घंटे बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है, जिससे घरेलू कार्यों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार इस समस्या को लेकर समाचार प्रकाशित होने और शिकायतें किए जाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। उपभोक्ताओं ने विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ पर शिकायतों की अनदेखी करने और फोन तक नहीं उठाने का आरोप लगाया है।
भीषण गर्मी के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। लगातार बिजली कटौती से पेयजल आपूर्ति, बच्चों की पढ़ाई और अन्य दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। इससे क्षेत्रवासियों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार कराने तथा शिकायतों की अनदेखी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही नियमित एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी अपील की है।