कृषि विज्ञान केंद्र बस्ती का पाँच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, महिलाओं को स्वरोजगार और मूल्य संवर्धन के गुर सिखाए।

Spread the love

बस्ती। कृषि विज्ञान केंद्र, बस्ती में 3 से 7 जुलाई 2026 तक “मौसमी फलों एवं सब्जियों का संरक्षण एवं मूल्य संवर्धन” विषय पर आयोजित पाँच दिवसीय व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों एवं कृषक परिवारों को कृषि आधारित लघु उद्यमों के लिए तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था।

समापन समारोह में केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. एस. के. तोमर ने कहा कि मौसमी फलों एवं सब्जियों का वैज्ञानिक संरक्षण एवं मूल्य संवर्धन किसानों और ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में सीखी गई तकनीकों को अपनाकर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करने, स्थानीय स्तर पर सूक्ष्म उद्यम स्थापित करने तथा अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण की पाठ्यक्रम समन्वयक एवं गृह विज्ञान वैज्ञानिक डॉ. अंजलि वर्मा ने प्रतिभागियों को मौसमी फलों एवं सब्जियों के वैज्ञानिक संरक्षण, सुरक्षित प्रसंस्करण, आकर्षक पैकेजिंग, लेबलिंग एवं विपणन की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान आम, करौंदा एवं नींबू के विभिन्न प्रकार के अचार, सहजन पत्ती चूर्ण, करी पत्ता चूर्ण, टमाटर चूर्ण, सूखी सब्जियों सहित कई मूल्य संवर्धित खाद्य उत्पादों का व्यावहारिक निर्माण और पैकेजिंग कराई गई।
इस दौरान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. पी. के. मिश्रा, डॉ. वी. बी. सिंह, डॉ. प्रेम शंकर, आर. वी. सिंह तथा हरिओम मिश्र ने मूल्य संवर्धन, ब्रांडिंग, विपणन, स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने, सरकारी विभागों से आवश्यक पंजीकरण एवं अनुमोदन की प्रक्रिया, उद्यम स्थापना, वित्तीय प्रबंधन और सफल व्यवसाय संचालन पर विस्तार से जानकारी दी।

प्रशिक्षण में प्रगतिशील महिला कृषक सरिता गौड़, गीता सिंह, मालती देवी एवं विजया पटेल सहित अनेक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने बताया कि प्रशिक्षण से प्रेरित होकर उन्होंने मूल्य संवर्धित खाद्य उत्पादों के साथ-साथ वस्त्र निर्माण, अगरबत्ती, मोमबत्ती, जैविक खाद एवं अन्य लघु उद्यमों की दिशा में कार्य प्रारंभ किया है, जिससे उन्हें स्वरोजगार और अतिरिक्त आय के नए अवसर मिल रहे हैं।

समापन अवसर पर सभी सफल प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार मूल्य संवर्धित खाद्य उत्पादों, विभिन्न प्रकार के अचार, सूखी सब्जियों, सहजन एवं करी पत्ता चूर्ण, वस्त्र, अगरबत्ती, मोमबत्ती, जैविक खाद एवं अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।

प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताते हुए कृषि विज्ञान केंद्र, बस्ती के वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की। समापन समारोह में केंद्र के सभी वैज्ञानिक, कर्मचारी एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *