रिपोर्ट: विजय नागपाल।
बलदेव (मथुरा)। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ के अवसर पर विकास खंड सभागार, बलदेव में तहसील स्तरीय कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को योजना के अंतर्गत प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया। योजना के तहत पात्र शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं अन्य लाभार्थी सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक का वार्षिक कैशलेस उपचार प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत बलदेव के अध्यक्ष डॉ. मुरारी लाल अग्रवाल, भारतीय जनता पार्टी शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सुधाकर उपाध्याय तथा खंड शिक्षा अधिकारी कौशल कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर डॉ. मुरारी लाल अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों को आर्थिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में खंड शिक्षा अधिकारी कौशल कुमार एवं सह-नोडल अधिकारी कविता सक्सेना ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।