मथुरा। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ तथा जिलाधिकारी मथुरा के निर्देश पर बीते दिवस खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सघन अभियान चलाया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने गोविंद नगर स्थित मानसी गंगा फूड्स का निरीक्षण किया।



निरीक्षण के दौरान इकाई में टोमेटो सॉस, सोया सॉस और मेयोनीज का निर्माण होता पाया गया। यहां से टोमेटो सॉस, सोया सॉस, मेयोनीज तथा कलर के एक-एक नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। साथ ही 200 किलोग्राम टोमेटो सॉस और 80 किलोग्राम सोया सॉस जब्त किया गया। अस्वच्छ एवं दूषित परिस्थितियों में भंडारित लगभग 400 किलोग्राम टोमेटो सॉस को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
इसके बाद गौर केंद्र स्थित विवेक फूड प्रोडक्ट का निरीक्षण किया गया। यहां भंडारित टोमेटो सॉस और सोया सॉस के एक-एक नमूने लिए गए। विभाग ने 108 किलोग्राम टोमेटो कैचअप और 154 लीटर सोया सॉस जब्त किया, जबकि अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे लगभग 500 किलोग्राम टोमेटो सॉस को नष्ट कराया गया।
इसके अतिरिक्त मोहर सिंह कुशवाह की शिकायत पर मथुरा-बरेली हाईवे स्थित शिवाय ढाबा, राया से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का एक नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
अभियान के दौरान कुल सात खाद्य नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में खाद्य सचल दल के सदस्य राम नरेश, जितेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह और नेहा भी मौजूद रहे।