लम्भुआ/सुल्तानपुर। लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के डकाही गांव के पास वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के आल सेंट्स विद्यालय की बस से बच्चे को उतारकर चालक सड़क के दूसरे तरफ सड़क पार करा रहा था। इसी दौरान हनुमानगंज अपने घर जा रहे मोटरसाइकिल चालक की चपेट में आने से बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बस चालक दयाशंकर पाण्डेय पुत्र बुद्धिसागर पाण्डेय निवासी मलाक तुलापुर थाना शिवगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए।
मोटरसाइकिल सवार रमाशंकर सिंह पुत्र जयप्रकाश सिंह उम्र 38 वर्ष निवासी हनुमानगंज और साथ में रही जयमाला पत्नी प्रदीप उम्र 35 वर्ष भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ ले गई, जहां डॉक्टरों ने बस चालक दयाशंकर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोटर साइकिल सवार को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे के समय बस में सवार बच्चे घटना देखकर सहम गए। किसी अभिभावक को मौके पर न देखकर बच्चे असहज हो गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर रही है और मामले की पुलिस जांच शुरू कर दी है।