लम्भुआ/सुल्तानपुर। ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) लंभुआ में बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन मुख्यमंत्री द्वारा वाराणसी से योजना के राज्यस्तरीय शुभारंभ के उपलक्ष्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। संचालन डॉ. राम सागर गुप्ता ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कुंवर बहादुर सिंह, उपजिलाधिकारी प्रीति जैन, खंड विकास अधिकारी नीलिमा गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी लंभुआ अजय सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी भदैया शिवशंकर मिश्रा, प्रधान संघ अध्यक्ष कैलाश चंद्र दुबे, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रणवीर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष केदार नाथ दुबे सहित अनेक अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
ब्लॉक प्रमुख कुंवर बहादुर सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की आधारशिला हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य और सम्मान की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उपजिलाधिकारी प्रीति जैन ने योजना को शिक्षकों के बेहतर स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रणवीर सिंह ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत पात्र शिक्षकों, कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों को सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइयों सहित शिक्षा विभाग से जुड़े सभी पात्र सहयोगियों को मिलेगा।
सहायक अध्यापक प्रमेन्द्र सिंह ने शिक्षकों की ओर से प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान रणवीर सिंह, जितेंद्र त्रिपाठी, डॉ. राम सागर गुप्ता, कलहू पाल, रामकेश सिंह, रविंद्र सिंह, लीला यादव, अजीत सिंह, रेनू, शैलेन्द्र तिवारी, विपिन यादव, महेंद्र कुमार चौरसिया, विनय कुमार, सुचित्रानंद चतुर्वेदी, ज्ञानेंद्र सिंह, सुशांत मिश्रा और सनत कुमार सिंह सहित कई शिक्षकों को प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए। कार्यक्रम में लंभुआ तहसील क्षेत्र के सैकड़ों शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।