मथुरा/वृंदावन। वृंदावन स्थित पांच मंजिला ‘भक्तमाल कुंज गेस्ट हाउस’ में बीते कल शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय गेस्ट हाउस में महाराष्ट्र समेत कई राज्यों से आए श्रद्धालु ठहरे हुए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर आग पर काबू पाया।
घटना के बाद जनपद में बिना सुरक्षा मानकों के संचालित हो रहे होटल एवं गेस्ट हाउसों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि संबंधित गेस्ट हाउस आवश्यक अग्निशमन एनओसी (NOC) एवं अन्य सुरक्षा मानकों के बिना संचालित हो रहा था। हाल ही में लखनऊ में हुई आग की घटना के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपेक्षित सुधार नहीं होने की बात सामने आ रही है।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर गेस्ट हाउस के संचालन, अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा अन्य आवश्यक अनुमतियों की पड़ताल की जाएगी। यदि अनियमितताएं पाई जाती हैं तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।