के के मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना अंतर्गत जिला स्तरीय स्वीकृति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि शादी अनुदान योजना के तहत 330 पात्र आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी द्वारा बताया गया कि, इन 330 लाभार्थियों को 20,000 रुपये प्रति लाभार्थी की दर से कुल 66.00 लाख रुपये का भुगतान ई-कुबेर प्रणाली के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा। 76 आवेदकों को पूर्व में ही लाभान्वित किया जा चुका है।
इन 330 आवेदकों को भुगतान करने के पश्चात विभाग द्वारा इस योजना अंतर्गत लाभान्वित लाभार्थियों की कुल संख्या 402 हो जाएगी । विभाग का इस वर्ष कुल 1200 आवेदकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है, जिसके लिए 120.00 लाख रुपये का बजट आवंटित है।
इस प्रक्रिया में निराश्रित महिलाओं और दिव्यांग आवेदकों को प्राथमिकता देते हुए प्रथम आवक प्रथम पावक के आधार पर भुगतान किया जाता है। इस योजना में आवेदन करने के लिए आवेदक जनपद का मूल निवासी होना चाहिए, वार्षिक आय रु.1 लाख से कम होनी चाहिए। शादी के समय लड़की की उम्र 18 या इससे अधिक होनी चाहिए। शादी के 90 दिन पहले 90 दिन बाद उसी वित्तीय वर्ष में विभागीय वेबसाइट पर आवेदन किया जा सकता है।
इस अवसर पर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।