मथुरा। प्रधानमंत्री के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान एवं मुख्यमंत्री के “वृक्षारोपण महाभियान-2026” के तहत जनपद में नवाचार के रूप में ‘लाडली वन–आओ लौटाएं ब्रज की हरियाली’ अभियान का शुभारंभ गुरुवार को विकासखंड फरह की ग्राम पंचायत बरारी से किया गया। अभियान के तहत जनपद की 101 ग्राम पंचायतों में मियावाकी पद्धति से लाडली वन विकसित किए जाएंगे।
बरारी में आयोजित कार्यक्रम में बल्देव विधायक पूरन प्रकाश, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता तथा प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) वेंकट श्रीकर पटेल की उपस्थिति में 1000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में 3000 पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि उच्च प्राथमिक विद्यालय की 101 छात्राओं ने पौधारोपण कर तीन-तीन पौधों को गोद लेते हुए उन्हें वृक्ष बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विधायक एवं जिलाधिकारी ने छात्राओं को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने संबंधित अधिकारियों को 12 जुलाई तक शेष 100 ग्राम पंचायतों में भी लाडली वन स्थापित करने के निर्देश दिए। वहीं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने सभी खंड विकास अधिकारियों, सहायक विकास अधिकारियों, सचिवों एवं कंसल्टिंग इंजीनियरों को बरारी में अपनाई गई तकनीक का अध्ययन कर अन्य चयनित ग्राम पंचायतों में भी इसी मॉडल पर लाडली वन विकसित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, वृक्ष लगाओ” का संदेश देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से मियावाकी पद्धति अपनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि यह जापान की विकसित तकनीक है, जिसमें कम स्थान पर विभिन्न प्रजातियों के देशी पौधों का सघन रोपण किया जाता है। इससे पौधे तेजी से विकसित होकर कम समय में घने वन का स्वरूप ग्रहण कर लेते हैं, जिससे जैव विविधता, भूजल संरक्षण और वायु गुणवत्ता में सुधार के साथ जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने में भी मदद मिलती है।
उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों का नियमित संरक्षण और संवर्धन भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर उपायुक्त मनरेगा विजय कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र, खंड विकास अधिकारी नेहा रावत सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।