रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख/सीतापुर। हल्की बारिश ने ही मिश्रिख नगर पालिका की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला चंद्रपुर, वार्ड संख्या-21 में सड़क पर जलभराव होने से स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण नालियों का पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जमा पानी और कीचड़ के बीच स्कूली बच्चों को आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका की ओर से सफाई व्यवस्था केवल औपचारिकता बनकर रह गई है और नियमित रूप से नालियों की सफाई नहीं की जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर जलनिकासी एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय तक जलभराव और गंदगी बने रहने से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय नागरिकों ने शीघ्र समस्या के समाधान की मांग करते हुए नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।