रिपोर्ट : राहुल मिश्रा।
मिश्रिख। नगर में लगातार बनी बिजली कटौती और आपूर्ति व्यवस्था की अव्यवस्था से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। उमस भरी गर्मी के बीच लगातार बिजली बाधित रहने से आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारी और दुकानदार भी परेशान हैं। व्यापारियों का कहना है कि बिजली न रहने के कारण ग्राहक दुकानों पर कम आ रहे हैं, जिससे कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और पावर हाउस के सरकारी नंबरों पर फोन किया जाता है, लेकिन अधिकांश समय फोन तक नहीं उठाया जाता। इससे उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है।
नगरवासियों ने आरोप लगाया है कि मिश्रिख में तैनात बिजली विभाग के एसडीओ उपभोक्ताओं की शिकायतों के प्रति गंभीर नहीं हैं। लोगों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए बिजली व्यवस्था में सुधार कराने तथा शिकायतों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।