•हरि सिंह बबलू बने पूर्वांचल के प्रदेश उपाध्यक्ष, इंद्रपाल सिंह सैंकी को मिली जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी।
बस्ती। ब्लॉक रोड स्थित एक स्थानीय होटल में रविवार को उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, समाजहित के कार्यों तथा आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से हरि सिंह बबलू को पूर्वांचल का प्रदेश उपाध्यक्ष तथा इंद्रपाल सिंह सैंकी को जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया। दोनों पदाधिकारियों के मनोनयन पर उपस्थित सदस्यों ने उनका जोरदार स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।


बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष हरविंदर सिंह लाड ने की। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना भी कमेटी की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और समाज को एकजुट रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव धर्मवीर सिंह बग्गा ने कहा कि जो युवा प्रशासनिक सेवाओं एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, उन्हें कमेटी की ओर से निःशुल्क कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बेटियों के विवाह में हरसंभव सहयोग देने का भी निर्णय लिया गया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल सिंह ने उत्तर प्रदेश में निवास करने वाले सिख समाज का विस्तृत डाटा तैयार करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे समाज की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
बैठक में सुरेंद्र पाल सिंह बक्शी, मनजीत सिंह तलवार, जसवीन कौर, जगनैल सिंह तथा परमजीत कौर राणा ने भी अपने विचार व्यक्त किए और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्यों से सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। कार्यक्रम का सफल संचालन साहेब सिंह ने किया।
इस अवसर पर कुलदीप सिंह, ओम प्रकाश अरोरा, परमजीत सिंह, विनोद सचदेवा, पवन मल्होत्रा, हर्ष कलरा, पीयूष सिंह, मनजीत सिंह, गगनदीप सिंह, राजेंद्र सिंह खुराना, मनमीत सिंह, त्रिलोक सिंह, कुलविंदर सिंह जेम्स, लकी सिंह, रविंद्र सिंह, ज्ञानदीप सिंह, चरणजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के गणमान्य लोग एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने तथा समाज सेवा, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का संकल्प व्यक्त किया। उपस्थित सदस्यों ने विश्वास जताया कि नई टीम के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी पूर्वांचल सहित पूरे प्रदेश में सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी।