रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। नागरिक सुरक्षा विभाग मथुरा की वार्डन पोस्ट संख्या-1 के तत्वावधान में यमुना टर्मिनल दामोदर पुरा का यमुना घाट स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नागरिक सुरक्षा विभाग मथुरा के उपनियंत्रक, राष्ट्रपति पदक से सम्मानित कश्मीर सिंह के कुशल नेतृत्व एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
पर्यावरण संरक्षण का पावन संदेश देते हुए मंदिर परिसर और घाट क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के छायादार, फलदार और औषधीय पौधे रोपे गए। इस अवसर पर उपस्थित स्वयंसेवकों एवं स्थानीय निवासियों को संबोधित करते हुए पोस्ट वार्डन व मास्टर ट्रेनर अशोक यादव ने वृक्षों के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि उपनियंत्रक कश्मीर सिंह के दिशा-निर्देशन में नागरिक सुरक्षा विभाग सामाजिक चेतना और पर्यावरण कल्याण के कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहता है।
उन्होंने स्थानीय नागरिकों से रोपे गए पौधों को गोद लेने और उनकी नियमित देखभाल करने की भावुक अपील की। इस महत्वपूर्ण पर्यावरण अभियान में नागरिक सुरक्षा विभाग के निष्ठावान पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से पंकज कुमार, हेमन्त, विनोद कुमार, अविनाश कुमार सिंह, राजेश कुमार श्रीहरी एवं आकाश का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित स्वयंसेवकों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने प्रकृति को हरा-भरा रखने, जल संरक्षण करने और पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाने का सामूहिक संकल्प लिया।