रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति (रजि.), उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में बुधवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज, मथुरा में “महा वृक्षारोपण अभियान-2026” के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक अग्रवाल ने प्रथम पौधा रोपित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य साजिद इकबाल ने कहा कि वृक्षारोपण का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करना है।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने बताया कि अभियान के तहत लगाए गए पौधों की देखभाल एवं संरक्षण की जिम्मेदारी छात्र-छात्राओं को सौंपी गई है, ताकि उनमें प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित हो। इस अवसर पर महा वृक्षारोपण अभियान में सहयोग के लिए प्रधानाचार्य साजिद इकबाल को स्मृति-चिह्न एवं देशभक्ति से प्रेरित दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में श्याम शर्मा, अर्जुन पंडित, बृजभान गोस्वामी, मोहम्मद इरशाद, मोहम्मद इमरान, डॉ. राजवीर सिंह, राजेंद्र सिंह, संजय प्रसाद, रोहित वर्मा, अजय कुमार, हर्ष सैनी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।