रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज नगर पंचायत निवासी 22 वर्षीय अभिनव अग्रहरि ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (एआईबीई) प्रथम प्रयास में ही उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद परिवार, शुभचिंतकों और नगरवासियों में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि पर उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
अभिनव अग्रहरि ने बताया कि अधिवक्ता बनने का उनका सफर आसान नहीं रहा। उनकी माता लंबे समय से डायलिसिस पर हैं, जिसके चलते परिवार को अनेक कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और बड़े भाई अंकित, जो पेशे से समाचार पत्र व शॉर्ट न्यूज ऐप के संपादक हैं, सहित अन्य परिजनों के सहयोग से अपनी पढ़ाई जारी रखी। उन्होंने नियमित कोचिंग के साथ-साथ सेल्फ स्टडी को भी प्राथमिकता दी। अभिनव ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत को दिया।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ता बनने के बाद उनका प्राथमिक उद्देश्य गरीब, असहाय और वंचित लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को न्याय पाने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
इस उपलब्धि पर वरिष्ठ अधिवक्ता इकबाल यूसुफ, बार एसोसिएशन अध्यक्ष एडवोकेट इंद्रमणि पांडेय, एडवोकेट नदीम अहमद, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य, एडवोकेट आविद, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सहित अन्य अधिवक्ताओं ने अभिनव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं उनके पिता श्री प्रकाश सहित परिवार के सदस्यों ने इसे पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प और परिश्रम से सफलता प्राप्त की जा सकती है।