दिल्ली कूच से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका, महानगर कार्यालय पर हुआ हंगामा।

Spread the love

मथुरा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध तथा छात्रों की मांगों के समर्थन में दिल्ली कूच की तैयारी कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बुधवार को पुलिस ने महानगर कांग्रेस कार्यालय पर ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक एवं धक्का-मुक्की भी हुई।

मथुरा-वृंदावन महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंडित यतीन्द्र मुकद्दम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता महानगर कांग्रेस कार्यालय पर एकत्रित हुए थे। कार्यकर्ता दिल्ली रवाना होने की तैयारी कर रहे थे, तभी भारी पुलिस बल ने कार्यालय को चारों ओर से घेर लिया और मुख्य द्वार बंद कर दिया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को कार्यालय परिसर से बाहर निकलने नहीं दिया।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिसकर्मी कार्यालय परिसर के भीतर तक पहुंच गए और बाहर से गेट बंद कर सभी कार्यकर्ताओं को वहीं रोक दिया, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पंडित यतीन्द्र मुकद्दम ने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं और छात्रों की आवाज़ दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता और छात्रों के मुद्दे उठाती रहेगी तथा इस प्रकार की कार्रवाई से पीछे हटने वाली नहीं है।

इस अवसर पर राहुल चतुर्वेदी, शिव कुमार गौतम, आलोक चौहान, बाजू कारोकी, चंद्रेश चौधरी, संजीव शर्मा, अनवर पारोखी, अनमोल चतुर्वेदी, संतोष पांडे, ब्रह्म तथा निशांत खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *