अकादमिक काउंसिल की बैठक में शैक्षणिक गुणवत्ता और नवाचार पर हुआ मंथन।

Spread the love

अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. पीके दशोरा की अध्यक्षता में अकादमिक काउंसिल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, नए पाठ्यक्रमों, अकादमिक कैलेंडर, विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक अवसरों तथा उच्च शिक्षा में नवाचार को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने कहा कि विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को बदलते शैक्षणिक एवं औद्योगिक परिवेश के अनुरूप तैयार करना प्राथमिकता है। नई शिक्षा नीति के अनुरूप पाठ्यक्रमों में निरंतर नवाचार और विद्यार्थियों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कुलसचिव कमांडर मनोज के. (सेवानिवृत्त) ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने तथा विभिन्न अकादमिक गतिविधियों के बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के विकास में अकादमिक काउंसिल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने कहा कि शैक्षणिक विकास के माध्यम से विश्वविद्यालय को उत्कृष्टता का केंद्र बनाना हम सभी का सामूहिक लक्ष्य है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए शैक्षणिक गुणवत्ता, पारदर्शिता और निरंतर सुधार की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है। बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अकादमिक कैलेंडर, विभिन्न शैक्षणिक इकाइयों द्वारा प्रस्तावित नए पाठ्यक्रमों पर विचार किया गया।

इसके अलावा विभिन्न कार्यक्रमों की सीट, पात्रता एवं शुल्क संरचना तथा अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त सीटों के सृजन से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। बैठक में डीन एकेडमिक प्रो. अम्बरीष शर्मा ने पूर्व की बैठक की समीक्षा प्रस्तुत करते हुए प्रस्तावित एजेंडों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

बैठक में प्रो. आरिफ सुहेल, प्रो. फराह आजमी, प्रो. अब्दुल्लाह बुखारी, प्रो. दिनकर सिंह एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *