बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं बस्ती के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही के जनपद आगमन पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र के आवास तथा सर्किट हाउस में आयोजित बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों और प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा की।

जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने प्रभारी मंत्री को बताया कि जिले में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियां सक्रिय रूप से चल रही हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मनमाने ढंग से कार्य कर रहे हैं, जिससे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों में लापरवाही और निजी स्वार्थ के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके बाद सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर अपनी शिकायतें रखीं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बस्ती विकास प्राधिकरण, नगर पालिका एवं नगर पंचायत, तहसील (राजस्व), पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के कुछ अधिकारियों की कार्यशैली से जनता को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कार्यों में टालमटोल और लापरवाही पर भी नाराजगी जताई।
प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित कराने का भरोसा दिलाया।
बैठक में प्रत्युष विक्रम सिंह, भानु प्रकाश मिश्रा, अखंड प्रताप सिंह, वीरेंद्र गौतम, ब्रह्मदेव यादव ‘देवा’, दिलीप पाण्डेय, शिवानी सिंह, शालिनी मिश्रा, अमृत कुमार वर्मा, अभिषेक कुमार गौतम, प्रेम प्रकाश चौधरी, सुनील सिंह, राकेश शर्मा, राजेंद्र राजभर, नीलम गौड़, प्रदीप निषाद, सुरेंद्र कुमार चौधरी, सुधाकर पाण्डेय, नीरज, विनय सिंह भारद्वाज, राधेश्याम कमलापुरी, रवि कुमार तिवारी, अजयपाल सिंह, नीरज त्रिपाठी, राजेश कमलापुरी, कमेंद्र चौहान, शिव प्रसाद चौधरी, रामायण सिंह, दुष्यंत विक्रम सिंह, विनय यादव, सुशील सिंह, चंद्रमणि पांडेय, राकेश श्रीवास्तव, प्रमोद पाण्डेय, पुष्करादित्य सिंह, राजेंद्र गौड़, यशकांत सिंह, अनिल दूबे, प्रमोद चौधरी ‘गिल्लम’ तथा नागेंद्र सिंह ‘सिंकू’ सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।