•कन्या जन्मोत्सव, गोद भराई व अन्नप्राशन कार्यक्रम में हुईं शामिल, दो बच्चों को लैपटॉप वितरित किए
केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने बुधवार को जनपद भ्रमण के दौरान महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निरीक्षण भवन, खलीलाबाद में आयोजित महिला जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों की सुनवाई कर अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।









भ्रमण की शुरुआत में डॉ. चौहान ने तामेश्वर स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने संयुक्त जिला चिकित्सालय के महिला विंग में आयोजित कन्या जन्मोत्सव, गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान 20 नवजात कन्याओं का जन्मोत्सव केक काटकर मनाया गया तथा उनकी माताओं को मिठाई, फल, बेबी किट, वस्त्र एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे भेंट किए गए।
अस्पताल निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय सुविधाओं और मरीजों को मिल रही सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी स्वास्थ्य सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्हें किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई।
इसके बाद निरीक्षण भवन, खलीलाबाद में आयोजित जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक में समाज कल्याण, राजस्व, महिला कल्याण और पुलिस विभाग से संबंधित कुल 10 प्रकरण प्रस्तुत किए गए। राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने सभी मामलों का 15 दिनों के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभान्वित करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड-19) के अंतर्गत दो बच्चों को लैपटॉप भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदयराम तिवारी, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी बृजेश कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी सत्येंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।