•खरीफ अभियान के तहत पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध, किसानों को निर्बाध वितरण सुनिश्चित करने पर जोर
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। उत्तर प्रदेश के सहकारिता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी.एस. राठौर ने मंगलवार को मथुरा भ्रमण के दौरान विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सहकारिता विभाग की योजनाओं, उर्वरक उपलब्धता तथा किसानों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह सहित सहकारिता, कृषि एवं उर्वरक संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान राज्यमंत्री का ब्रज की प्रसिद्ध ‘साँझी कला’ की चित्रकला भेंट कर स्वागत किया गया।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि खरीफ अभियान के तहत जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसानों को नियमानुसार निर्बाध वितरण कराया जा रहा है। जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि वर्तमान में जनपद में 25,051 मीट्रिक टन यूरिया तथा 8,861 मीट्रिक टन फॉस्फेटिक उर्वरक उपलब्ध हैं।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक (सहकारिता) अभिषेक मिश्रा ने बताया कि जनपद में 79 सहकारी समितियां और 111 उर्वरक बिक्री केंद्र संचालित हैं, जहां किसानों को नियमित रूप से उर्वरकों की आपूर्ति की जा रही है।
समीक्षा बैठक में मंत्री ने मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत गेहूं खरीद और किसानों को भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने सहकारी समितियों के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
राज्यमंत्री ने समितियों पर उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, जिला सहकारी बैंक के व्यवसाय को बढ़ाने तथा किसानों को नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही सहकारिता विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।