जलभराव के बीच निकली शव यात्रा, तिरपाल के नीचे हुआ अंतिम संस्कार; वीडियो वायरल।

Spread the love

मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के वार्ड संख्या-11 स्थित मुडेशी गांव में जलभराव की समस्या एक बार फिर सामने आई है। गुरुवार को 40 वर्षीय अमर सिंह के निधन के बाद उनकी शव यात्रा जलभराव से होकर निकाली गई। अंतिम संस्कार भी बारिश के बीच तिरपाल की व्यवस्था कर किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब एक वर्ष पूर्व भी इसी गांव में एक महिला का अंतिम संस्कार जलभराव के कारण तिरपाल के नीचे करना पड़ा था। उस समय भी इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा था। इसके बावजूद स्थिति में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ।

ग्रामीणों का आरोप है कि श्मशान घाट तक पहुंचने वाले मार्ग और मोक्षधाम में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिसके कारण बारिश के मौसम में अंतिम संस्कार जैसी संवेदनशील प्रक्रिया भी कठिन हो जाती है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मोक्षधामों के विकास को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सरकार द्वारा मोक्षधामों के विकास के लिए धनराशि स्वीकृत किए जाने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में अपेक्षित विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से श्मशान घाट और पहुंच मार्ग की व्यवस्था में शीघ्र सुधार की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *