रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जनपद के थाना कोसीकलां क्षेत्र के ग्राम ऐंच स्थित अस्थायी गौशाला में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर चौकीदार को बंधक बना लिया और कई गोवंश अपने साथ ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब 1 बजे 5 से 6 अज्ञात बदमाश गौशाला में पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने गौशाला की रखवाली कर रहे महाराज सोरन दास की कनपटी पर तमंचा तानकर उन्हें बंधक बना लिया और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश गौशाला से करीब 10 से 12 गोवंश वाहन में लादकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोसीकलां पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों और उनके वाहन की पहचान की जा सके।
ग्राम प्रधान हरिपाल सिंह ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि हथियारों के बल पर गौशाला में की गई यह वारदात कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती है। वहीं शाहपुर चौकी प्रभारी विनीत नेहरा ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस इस घटना में किसी स्थानीय या अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि कोसीकलां और मेवात सीमा से सटे क्षेत्र में पूर्व में भी गौ तस्करी के मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था।