रिपोर्ट: अभिनव अग्रवाल।
धामपुर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा छात्रों के समर्थन में आयोजित प्रदर्शन में वरिष्ठ युवा कांग्रेस नेता एडवोकेट कुणाल गांधी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर बिजनौर के युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भाग लिया।
इस अवसर पर एडवोकेट कुणाल गांधी ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में छात्रों के प्रति सरकार का रवैया तानाशाही और असंवेदनशील है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्र-छात्राओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। सरकार को छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उनका समाधान करना चाहिए।
कुणाल गांधी ने कहा कि कांग्रेस युवाओं और छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए पार्टी सड़क से लेकर सदन तक उनकी आवाज बुलंद करती रहेगी।