•तटबंधों की नियमित निगरानी, राहत संसाधन सक्रिय रखने और अफवाहों से बचने की अपील।
बस्ती। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने शनिवार को सदर तहसील अंतर्गत ग्राम बैराड़ी एतमाली के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की वर्तमान स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा बाढ़ विभाग की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि नावों, राहत शिविरों और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी संसाधनों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने बाढ़ विभाग को निर्देशित किया कि तटबंधों और संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी की जाए। कटान अथवा जलस्तर में वृद्धि की सूचना मिलते ही तत्काल आवश्यक सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि जन-धन की हानि को न्यूनतम रखा जा सके।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों अथवा जिला प्रशासन को दें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चांदपुर कटरिया कैंप कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ राहत कार्यों में उपयोग होने वाली बोरियों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध रखा जाए।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता (बाढ़) दिनेश कुमार, उपजिलाधिकारी सदर हिमांशु कुमार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।