•खलीलाबाद के ग्रामीण क्षेत्रों और नगर पालिका के कर्मियों ने लिया प्रशिक्षण, दो नवंबर से फिर शुरू होगा सत्र।
रिपोर्ट: केके मिश्रा।
संतकबीरनगर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत गुरुवार को द्वितीय बैच के 578 प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रथम दिवस का प्रशिक्षण दिया गया। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी सत्य प्रकाश के मार्गदर्शन में प्रभा देवी डिग्री कॉलेज, खलीलाबाद में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनर्स और मास्टर ट्रेनर्स ने प्रतिभागियों को आवश्यक जानकारी दी।
प्रशिक्षण में तहसील खलीलाबाद के ग्रामीण क्षेत्रों के 500 तथा नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के 78 प्रगणकों और सुपरवाइजरों ने हिस्सा लिया। द्वितीय बैच के शेष दो दिनों का प्रशिक्षण आगामी 2 और 3 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, तहसीलदार अनुराग यादव, राजस्व निरीक्षक संजय मिश्रा, अधिशासी अधिकारी खलीलाबाद सहित संबंधित अधिकारी, प्रगणक और सुपरवाइजर उपस्थित रहे।


