मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। लोहंदी कला स्थित विकास खंड सिटी के सभागार में आज समूह सखियों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी सिटी मृदुला ने की। बैठक का मुख्य विषय राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित लोकोस (LokOS) एप में फीडिंग को लेकर विशेष चर्चा रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ मृदुला ने कहा कि जनपद में गठित सभी स्वयं सहायता समूहों का डिजिटलीकरण किया जा रहा है। लोकोस एप के माध्यम से समूह से जुड़ी प्रत्येक महिला का सम्पूर्ण विवरण ऑनलाइन फीड किया जाना अनिवार्य है। जिन महिलाओं का नाम समूह में शामिल है, उनका आधार, बैंक खाता, बचत, ऋण और अन्य सभी जानकारी को शत-प्रतिशत लोकोस पोर्टल पर अपलोड किया जाए, ताकि समूहों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आए और शासन की योजनाओं का लाभ सीधे सखियों तक पहुंच सके।
उन्होंने सभी समूह सखियों को निर्देशित किया कि फीडिंग कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य को पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि लोकोस फीडिंग होने से ही समूहों का ग्रेडिंग, बैंक लिंकेज और अन्य सरकारी अनुदान की प्रक्रिया आसान होगी।
इस दौरान एडीओ ग्राम विकास इंद्रजीत सिंह ने समूह सखियों को लोकोस एप के तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी और फीडिंग के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के बारे में बताया।
बैठक में खंड मिशन प्रबंधक सहित सिटी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले सभी ग्राम पंचायतों की समूह सखियां और आजीविका से जुड़ी महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।


