•मैरुंड गांवों में युद्धस्तर पर राहत कार्य, क्षतिग्रस्त फसलों का कराया जा रहा सर्वे।
रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। राप्ती नदी में आई बाढ़ से प्रभावित एवं मैरुंड ग्रामों में प्रशासन ने राहत सामग्री का वितरण शुरू कर दिया है। मंगलवार को बाढ़ राहत केंद्र मंडी समिति सहियापुर में ग्राम सोनखर भदईडीह के 75 बाढ़ पीड़ित परिवारों तथा बाढ़ राहत केंद्र पेड़रियाजीत में ग्राम वीरपुर एहतमाली के 200 परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई।
राहत सामग्री का वितरण विधानसभा डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह एवं उपजिलाधिकारी डुमरियागंज विवेकानंद मिश्र ने किया। शासन द्वारा निर्धारित राहत सामग्री के तहत प्रत्येक बाढ़ पीड़ित परिवार को 10 किलोग्राम आलू, एक बाल्टी, एक तिरपाल और 2.5 किलोग्राम लाई के साथ राशन किट उपलब्ध कराई जा रही है।
राशन किट में 10 किलोग्राम आटा, 10 किलोग्राम चावल, दो किलोग्राम अरहर दाल, दो किलोग्राम चना, दो किलोग्राम भुना चना, एक किलोग्राम नमक, एक लीटर रिफाइंड तेल, 10 पैकेट बिस्कुट, एक किलोग्राम चीनी, 200 ग्राम हल्दी, 100 ग्राम मिर्च, 200 ग्राम सब्जी मसाला, मोमबत्ती व माचिस का पैकेट, दो नहाने के साबुन, 20 सेनेटरी पैड, 20 डिस्पोजल बैग, 100 एमएल डेटॉल, एक मीटर सूती कपड़ा, एक तौलिया और एक मग शामिल हैं।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्र ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता और सुरक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह तत्पर है। सभी मैरुंड गांवों में राहत सामग्री शीघ्र पहुंचाकर वितरित कराने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त फसलों का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के आधार पर पात्र किसानों को नियमानुसार कृषि निवेश अनुदान अलग से वितरित किया जाएगा।
राहत सामग्री वितरण के दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भनवापुर लवकुश ओझा, नगर पंचायत अध्यक्ष भारत भारी चंद्र प्रकाश वर्मा उर्फ चंदू चौधरी, नायब तहसीलदार राघवेंद्र कुमार पांडेय, राजस्व निरीक्षक रमेश चंद्र श्रीवास्तव, सुग्गू लाल, हरिशंकर, लेखपाल मधु श्रीवास्तव, सत्येंद्र कुमार मिश्रा, प्रवेश कुमार शुक्ला, अनिल कुमार मिश्रा, इरशाद खान, रामकृष्ण, अंबिका प्रसाद, सिद्धार्थ, अंकुर सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


