रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। आपातकालीन परिस्थितियों एवं संभावित हवाई हमले से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से आज माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज परिसर में ब्लैकआउट एवं एयर रेड मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। अभ्यास के दौरान सायरन, ब्लैकआउट, रेड अलर्ट, सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने, आग बुझाने तथा राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।

मॉक ड्रिल के तहत शाम छह बजे सायरन बजते ही निर्धारित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट किया गया। इसके बाद शाम 6:05 बजे रेड अलर्ट जारी कर दो मिनट तक चेतावनी सायरन बजाया गया। इस दौरान आपात स्थिति में नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और ड्रोन से उत्पन्न काल्पनिक खतरे से निपटने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। शाम 6:10 बजे ग्रीन सिग्नल के माध्यम से ऑल क्लियर घोषित किया गया।
इसके पश्चात अग्निशमन दल ने आग पर काबू पाने, चिकित्सा विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा बचाव दल ने भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रदर्शन किया। पूरे अभ्यास के दौरान संबंधित विभागों ने आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
इस मॉक ड्रिल में एनसीसी, स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश पुलिस, उत्तर प्रदेश फायर सर्विस, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), चिकित्सा विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, होमगार्ड तथा युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। अभ्यास में उप जिलाधिकारी सदर निखिल चक्रवर्ती भी उपस्थित रहे।
एडीएम एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा डॉ. ज्ञान प्रकाश ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता तथा आपसी समन्वय की क्षमता का आकलन करना है, ताकि किसी भी वास्तविक आपदा या अप्रत्याशित परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास से संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का व्यावहारिक अनुभव मिलता है और आपदा प्रबंधन व्यवस्था अधिक मजबूत बनती है।


